देश के इन हिस्सों में आएगी शीतलहर, तापमान 2-4 डिग्री रहने की संभावना; जानें दिल्ली के मौसम का भी हाल - Samacharline.com

देशहोम

देश के इन हिस्सों में आएगी शीतलहर, तापमान 2-4 डिग्री रहने की संभावना; जानें दिल्ली के मौसम का भी हाल

Cold Wave Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को कहा कि अगले कुछ दिनों में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहा कि अगले कुछ दिनों में देश के कुछ हिस्सों में शीतलहर आ सकती है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि देश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हुई है। विभाग ने तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा के कई जगहों पर, तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बारिश की बात कही है। इसके साथ हीर गोवा, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और केरल में अलग-अलग स्थानों पर भी बारिश हुई।

आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा, “कल दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और पड़ोस पर कम दबाव का क्षेत्र कम चिह्नित हो गया है। हालांकि चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु और पड़ोस पर स्थित है और मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक ताजा चक्रवाती परिसंचरण के उभरने की संभावना है।”

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी की ओर से जारी एक बुलेटिन के अनुसार, न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को 24 घंटों का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 213 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे राष्ट्रीय राजधानी में सापेक्ष आर्द्रता 41 फीसदी दर्ज की गई।
Page 5MP Achievement Digital AD_300X250