विधायक दल की बैठक में सीएम पद के लिए खुद का नाम सुनकर चौंक गए मोहन यादव - Samacharline.com
Live Broadcast

Shri Mahakal Sawari Direct Telecast

samacharline.com | Straight from Mahakal Dham

📍 Location: Mahakaleshwar, Ujjain
🚩 Event: Holy Pavitra Sawari

Watch direct live telecast and divine darshan of Lord Mahakal's holy procession. Streamed live in HD directly on this portal.

samacharline.com
भोपालमध्य प्रदेशराजनीती

विधायक दल की बैठक में सीएम पद के लिए खुद का नाम सुनकर चौंक गए मोहन यादव

भोपाल । सभी कयासों और संभावनाओं को झुठलाते हुए भाजपा ने मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए ऐसे नाम की घोषणा की, जिसने सभी को चौंका दिया। विधायक दल की बैठक में अपना नाम सुनकर उज्जैन (दक्षिण) से भाजपा विधायक डा. मोहन यादव खुद ही चौंक गए। मोहन यादव पिछली पंक्ति में बैठे थे और इस घोषणा के बाद उनके चेहरे पर हैरानी के भाव थे। तभी शिवराज ने उनसे कहा- ‘अरे मोहन जी, खड़े तो हो जाइए।’ तब डा. मोहन यादव खड़े हुए और सभी विधायकों ने उनका स्वागत करते हुए तालियां बजाईं।

प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री होंगे

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक रहे यादव प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री बने हैं। इसके साथ ही 18 वर्ष बाद भाजपा में नई पीढ़ी सरकार की कमान संभालेगी। इस चौंकाने वाले निर्णय के बाद राजनीति के गलियारों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी चर्चा में है। लोगों का कहना है कि उक्त दोनों राजनेताओं को ऐसे ही नहीं, चौंकाने वाले निर्णयों के लिए जाना जाता है। भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए सोमवार को भोपाल में बैठक हुई।

शिवराज ने रखा प्रस्ताव

इसमें शिवराज सिंह चौहान ने जब विधायक दल के नेता के लिए ओबीसी वर्ग से आने वाले डा. मोहन यादव के नाम का प्रस्ताव रखा तो खुद यादव को भरोसा नहीं हुआ और वह अपने स्थान से खड़े नहीं हुए। नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल और अन्य बड़े नेताओं ने प्रस्ताव का समर्थन किया। डा. मोहन यादव के नाम की घोषणा केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की। डा. मोहन यादव शिवराज सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे।

पेश किया सरकार बनाने का दावा

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद डा. यादव ने राज्यपाल डा. मंगुभाई पटेल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। भाजपा सूत्रों के अनुसार डा. मोहन यादव को 13 दिसंबर को लाल परेड मैदान में शपथ दिलाई जा सकती है। शपथ-ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे।

 

    • पूर्ववर्ती शिवराज सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रहे हैं यादव
    • ओबीसी वर्ग से आते हैं, संघ में रहे हैं स्वयंसेवक
    • केंद्रीय मंत्री रहे नरेन्द्र सिंह तोमर होंगे विधानसभा अध्यक्ष
    • 18 वर्ष बाद भाजपा में नई पीढ़ी संभालेगी सरकार की कमान

जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल होंगे उप मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री के साथ-साथ भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उप मुख्यमंत्री के रूप में विंध्य क्षेत्र के राजेंद्र शुक्ल और एससी वर्ग के जगदीश देवड़ा के नाम पर सहमति दी है। दोनों शिवराज कैबिनेट में मंत्री थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। यह बात कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट कर कही। तोमर को केंद्रीय मंत्री रहते हुए विधानसभा चुनाव लड़ाया गया था। इस बीच, बैठक के बाद शिवराज सिंह ने राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना त्याग-पत्र सौंप दिया। राज्यपाल ने उन्हें नए मुख्यमंत्री के शपथ लेने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करने के निर्देश दिए हैं।

विकास को आगे बढ़ाएंगेः डा. मोहन यादव

डा. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास का नया आयाम स्थापित हुआ है। मोदीजी और शिवराजजी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार के माध्यम से विकास के नए-नए काम प्रारंभ हुए हैं। इनके बलबूते पर मध्य प्रदेश ने देश में अलग पहचान बनाई है। मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जवाबदारी दी है। यह केवल भाजपा ही है, जो सामान्य से, छोटे से कार्यकर्ता को भी इतनी बड़ी जवाबदारी देती है। यही भाजपा का चरित्र है। एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी के आधार पर मोदीजी और शिवराजजी के विकास के सपने को लेकर आगे बढ़ेंगे। यादव कल दिल्ली जा सकते हैं।

कई राज्यों में चौकाने वाला नाम दे चुका है शीर्ष नेतृत्व

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मुख्यमंत्री के रूप में मध्य प्रदेश ही नहीं, पहले भी चौंकाने वाले नाम दिए हैं। एक दिन पहले छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाकर चौंकाया। इससे पहले उत्तराखंड में 114 दिन के लिए मुख्यमंत्री रहे तीरथ सिंह रावत, उत्तराखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और हरियाणा के मुख्यमंत्री बने मनोहर लाल भी साधारण कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री बने हैं।