Ujjain : बहनों के आर्शीवाद से ही मैं आज मुख्यमंत्री बना, मुख्यमंत्री डॉ यादव ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बहनों से राखी बंधवाई - Samacharline.com

उज्जैनमध्य प्रदेशहोम

Ujjain : बहनों के आर्शीवाद से ही मैं आज मुख्यमंत्री बना, मुख्यमंत्री डॉ यादव ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बहनों से राखी बंधवाई

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को क्षिप्रा विहार के समीप नर्मदा वाटिका और शिवांजली गार्डन में बहनों से रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर राखी बंधवाई। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मैं लगभग 20 वर्षों से बहनों से राखी बंधवाने की परंपरा लगातार जारी है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि इन्हीं के आशीर्वाद से आज इस मुकाम पर हूं। बहनों के सशक्तिकरण और सम्मान से एक अलग नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि महाकाल की कृपा है कि लाखों बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है। मेरे दोनो हाथों में राखी के रुप में आशीर्वाद प्राप्त हुआ है दुनिया की सारी परेशानिया आपके आशीर्वाद से खत्म हो जाती है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि जिस घर में माता-बहनें होती हैं, उस घर में ईश्वर का आशीर्वाद भी होता है। माता-बहनों का होना आवश्यक है, वह घर आनंदमय रहता है और धन-धान्य में वृद्धि होती है। उन्होंने प्राचीन काल का उदाहरण देते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने बहन द्रौपदी की रक्षा की थी। प्राचीन काल से हर घर में त्योहार बड़े उल्लास के साथ मनाए जाते हैं और घरों में माता-बहनों के आनंद में कोई कमी नहीं रहती है। उन्होंने कहा कि बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश विकास के साथ-साथ उज्जैन में निरंतर विकास के कार्य हो रहे हैं और देवास रोड स्थित नागझिरी एवं इंदौर रोड स्थित कपड़ा उद्योग खुलने से बहनों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि विधायक एवं मंत्री रहते हुए ग्रामों में एवं शहर के विभिन्न वार्डों में राखी बंधवाने का कार्य किया है और उनके आशीर्वाद से आज आपके सामने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश के कई जिलों में इस परंपरा का निर्वहन कर रहा हूं। रक्षाबंधन के पर्व पर लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1250 रुपए के अतिरिक्त रक्षा बंधन पर उपहार स्वरूप 250 रुपए हाल ही में बहनों के खातों में राशि उपलब्ध करवाई गई है।

इस अवसर पर पार्षद निर्मला परमार एवं सुगनबाई बाघेला आदि ने प्रतीकात्मक बड़ी राखी भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव को ब्रह्मकुमारी आश्रम की मंजू दीदी, उषा दीदी ने भी राखी बांधी।

Page 4MP Achievement Digital AD_300X250