वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आज काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा श्री विश्वनाथ जी के दर्शन-पूजन किए और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर परिसर में स्थापित मध्यप्रदेश सरकार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भेंट की गई ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ का भी अवलोकन किया। यह विशेष घड़ी भारतीय वैदिक समय गणना प्रणाली पर आधारित है, जो समय के साथ पंचांग, मुहूर्त, तिथि और ग्रह-नक्षत्रों की जानकारी भी प्रदर्शित करती है।
यह वैदिक घड़ी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर काशी विश्वनाथ धाम को भेंट की गई है। इसे भारतीय संस्कृति, प्राचीन ज्ञान-विज्ञान और सनातन परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।