Asia Cup: गत विजेता भारत की राह आसान नहीं, इनसे मिलेगी कड़ी टक्कर - Samacharline.com

होम

Asia Cup: गत विजेता भारत की राह आसान नहीं, इनसे मिलेगी कड़ी टक्कर

मल्टीमीडिया डेस्क। एशियाई क्रिकेट का महाकुंभ एशिया कप 15 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेला जाएगा। गत विजेता भारत की राह इस बार आसान नहीं रहेगी और उसे कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।

टीम इंडिया के सामने मुख्य रूप से पाकिस्तान चुनौती पेश करेगा, चैपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को हराने की वजह से उसके हौसले इस बार बुलंद होंगे। वैसे इस टूर्नामेंट में भारत और श्रीलंका का दबदबा रहा है जबकि पाकिस्तान का रिकॉर्ड निराशाजनक रहा है और पाक टीम इस बार इसे सुधारने को बेताब रहेगी।

पिछली बार टी20 विश्व कप की वजह से बांग्लादेश में एशिया कप का आयोजन टी20 फॉर्मेट में हुआ था और भारत ने मेजबान टीम को फाइनल में हराकर खिताब अपने नाम किया था। भारत ने कुल छह बार और श्रीलंका ने पांच बार इस खिताब को हासिल किया है। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन नहीं कर पाया और मात्र दो बार चैंपियन बना।

वैसे तो इस बार भी भारत को खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन उसे नियमित कप्तान विराट कोहली की कमी खलेगी जिन्हें इस टूर्नामेंट के लिए आराम दिया गया है। विराट इस वक्त जबर्दस्त फॉर्म में थे और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने 593 रन भी बनाए थे। उनकी अनुपस्थिति में रोहित शर्मा टीम की कमान संभालेंगे और उन पर दोहरी जिम्मेदारी होगी। दूसरी तरफ सरफराज अहमद की युवा पाकिस्तानी टीम इस टूर्नामेंट में अपना तीसरा खिताब जीतने के लिए बेताब है और परिस्थितियां भी उसके अनुकूल नजर आ रही है। वैसे दुनिया की निगाहें तो 19 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले पर टिकी रहेंगी। श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को भी कमजोर नहीं आंका जा सकता है इसलिए रोहित की टीम के लिए खिताब बरकरार रखना बेहद चुनौतीपूर्ण रहेगा।

एशिया कप पर एक नजर :

1984 भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराया

1986 श्रीलंका ने फाइनल में पाकिस्तान को हराया

1988 भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराया

1990-91 भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराया

1996 भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराया

1997 श्रीलंका ने फाइनल में भारत को हराया

2000 पाकिस्तान ने फाइनल में श्रीलंका को हराया

2004 श्रीलंका ने फाइनल में भारत को हराया

2008 श्रीलंका ने फाइनल में भारत को हराया

2010 भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराया

2012 पाकिस्तान ने फाइनल में बांग्लादेश को हराया

2014 श्रीलंका ने फाइनल में पाकिस्तान को हराया

2017 भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को हराया

Page 5MP Achievement Digital AD_300X250