Ind vs Aus Sydney Test Live: भारत को तीसरा झटका, कोहली आउट, जानिए ताजा स्कोर - Samacharline.com
होम

Ind vs Aus Sydney Test Live: भारत को तीसरा झटका, कोहली आउट, जानिए ताजा स्कोर

सिडनी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का चौथा और आखिरी टेस्ट सिडनी में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। खबर लिखे जाने तक भारत ने 3 विकेट खोकर 186 रन बना लिए थे। आउट होने वाले पहले बल्लेबाज लोकेश राहुल रहे। उन्होंने महज 9 रन बनाए। इसके बाद मयंक अग्रवाल भी शतक चूक गए और 77 रन के निजी स्कोर पर लिओन की गेंद पर स्टार्क को कैच दे बैठे। कप्तान विराट कोहली भी लंबी पारी नहीं खेल पाए और 23 रन के निजी स्कोर पर हेजलवुड की गेंद पर प्लेन के हाथों कैच आउट हो गए। चेतेश्वर पुजारा 70 रन और अजिंक्य रहाणे 1 रन क्रीज पर हैं।

इससे पहले चौथे टेस्ट मैच के लिए टीम में लौटे लोकेश राहुल फिर से नाकाम साबित हुए। कप्तान कोहली द्वारा टॉस जीतकर चुनी गई बल्लेबाजी के फैसले के बाद राहुल और मयंक ओपनिंग के लिए उतरे लेकिन राहुल महज 9 रन बनाकर हेजलवूड के शिकार बन गए। उनके बाद आए पुजारा ने अग्रवाल के साथ मिलकर लंच तक टीम के स्कोर को 1 विकेट के नुकसान पर 64 रन तक पहुंचाया।

आज के मैच में टीम इंडिया में दो बदलाव किए गए हैं। रोहित शर्मा और ईशांत शर्मा की जगह लोकेश राहुल और कुलदीप यादव को टीम में जगह दी गई है वहीं 13 खिलाड़ियों में शामिल हुए उमेश प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए। भारत इस श्रृंखला में 2-1 से आगे और टीम इंडिया इस मैच को ड्रॉ कर या जीतते हुए ऑस्ट्रेलियाई धरती पर पहली बार सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरी है। वहीं मेजबान टीम के लिए यह करो या मरो की स्थिति का मुकाबला होगा और वह हर हाल में इस मैच को जीतकर सीरीज बराबर करने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।

भारत इससे पहले कभी भी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की पिच आमतौर पर स्पिनरों के लिए मददगार साबित होती रही है, इसके मद्देनजर कुलदीप को टीम में जगह मिली हैं।

टीमें – भारत : मयंक अग्रवाल, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, रिषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।

ऑस्ट्रेलिया : मार्कस हैरिस, उस्मान ख्वाजा, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकॉम्ब/एरोन फिंच, ट्रेविस हेड, मार्नस लेबुशेन, टिम पेन (कप्तान), पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोस हेजलवुड।

Digital AD 250x300-8