उज्जैनमध्य प्रदेशहोम

उज्जैन विक्रम उत्सव–2026 : अनादि पर्व में भक्ति, कथक और लोक सुरों की मनभावन प्रस्तुतियाँ

उज्जैन। महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ एवं संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित विक्रम उत्सव–2026 के अंतर्गत शनिवार को अनादि पर्व में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। त्रिवेणी संग्रहालय मंच और विक्रम व्यापार मेला इंजीनियरिंग कॉलेज मंच पर कलाकारों ने संगीत, नृत्य और वादन की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं।

त्रिवेणी संग्रहालय मंच पर कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति उज्जैन के सतीश कोथरवाल द्वारा भक्ति गायन की रही। उनके सुमधुर और भावपूर्ण भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया तथा श्रोताओं ने प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया। इसके बाद उज्जैन की कीर्ति प्रमाणिक ने कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति देकर दर्शकों को शास्त्रीय नृत्य की गरिमा से परिचित कराया। उनकी लय, भावाभिव्यक्ति और पद संचालन को दर्शकों ने खूब सराहा।

वहीं विक्रम व्यापार मेला इंजीनियरिंग कॉलेज मंच पर प्रथम प्रस्तुति उज्जैन के सुरेंद्र स्वर्णाकार द्वारा बांसुरी वादन की रही। उनकी मधुर बांसुरी की तान ने श्रोताओं को सुरों की दुनिया में बांध लिया। इसके पश्चात स्नेहा गहलोत ने लोक गायन प्रस्तुत कर मालवा अंचल की लोकधुनों से माहौल को रंगीन बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे और सभी प्रस्तुतियों को सराहना मिली। अनादि पर्व के अंतर्गत हुई इन प्रस्तुतियों ने विक्रम उत्सव–2026 के सांस्कृतिक आयाम को और अधिक समृद्ध एवं जीवंत बना दिया।