बेलगाम रफ्तार में 108 एम्बुलेंस घर में घुसी, चालक फरार, नशे में ड्राइविंग का आरोप, दीवार और सीढ़ियां क्षतिग्रस्त, एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया - Samacharline.com
मध्य प्रदेशहोम

बेलगाम रफ्तार में 108 एम्बुलेंस घर में घुसी, चालक फरार, नशे में ड्राइविंग का आरोप, दीवार और सीढ़ियां क्षतिग्रस्त, एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया

गंजबासौदा (ओमप्रकाश चौरसिया)। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक नजारा गत रात देखने को मिला। 108 एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर वार्ड क्रमांक 8 स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि मकान की दीवार और सीढ़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एम्बुलेंस तिरंगा चौक की ओर से तेज गति से आ रही थी।

चालक कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसी लापरवाही के चलते वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। वह सीधे मकान में जा टकराया। गनीमत यह रही कि एम्बुलेंस में उस समय कोई मरीज या अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। रात का समय होने के कारण सड़क और मकान के आसपास भीड़ नहीं थी। वरना जनहानि का बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद चालक मौके पर एम्बुलेंस छोड़कर फरार हो गया। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर चालक नशे में था, तो यह गंभीर लापरवाही है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उसने स्थिति का जायजा लिया। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए। इससे भविष्य में इस तरह की लापरवाही से बड़े हादसों को रोका जा सकें।

Digital AD 250x300-3