Madhya Pradesh : भगवान चित्रगुप्त का प्रकटोत्सव भोपाल में बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा - Samacharline.com
भोपालमध्य प्रदेशहोम

Madhya Pradesh : भगवान चित्रगुप्त का प्रकटोत्सव भोपाल में बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा

भोपाल। भगवान चित्रगुप्त प्रकटोत्सव के अवसर पर 23 अप्रैल 2026 को राजधानी भोपाल में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का भव्य संगम देखने को मिलेगा। इस दिन शाम 5 बजे जवाहर चौक स्थित चित्रगुप्त मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में ही संपन्न होगी।

आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा जवाहर चौक से प्रारंभ होकर काटजू हॉस्पिटल, रंगमहल चौराहा, टी.टी. नगर, न्यू मार्केट और रोशनपुरा होते हुए जी.टी.बी. कॉम्प्लेक्स तक जाएगी और फिर वापस चित्रगुप्त मंदिर, जवाहर चौक पर समापन होगा। पूरे मार्ग में आकर्षक सजावट, लाइट-साउंड और भव्य व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिससे यह आयोजन शहर का केंद्र बिंदु बन जाएगा।

प्रकटोत्सव को लेकर राजधानी में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कायस्थ महासभा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे “गौरव, आस्था और सामाजिक एकता का महापर्व” बताया।

मंत्री सारंग ने कहा, “चित्रगुप्त भगवान का प्रकटोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और एकजुट करने का सशक्त अवसर है।” उन्होंने बताया कि इस बार शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए विशेष लाइटिंग, साउंड और सांस्कृतिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कार्यक्रम में भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जहां भजन-कीर्तन, गीत-संगीत के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा और अंत में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंत्री सारंग ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “भगवान चित्रगुप्त किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे समाज के आराध्य हैं, इसलिए इस आयोजन में हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।”

उन्होंने नागरिकों से जोश के साथ अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान के प्रति अपनी आस्था और समर्पण प्रकट करें। साथ ही उन्होंने कहा, “समाज के लिए काम करने वालों का कोई निजी एजेंडा नहीं होता, हमें सभी मतभेद भुलाकर समाज सेवा के लिए एकजुट होना होगा।”

युवा पीढ़ी की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि ऐसे आयोजनों में बच्चों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है, क्योंकि यही युवा भविष्य में देश और समाज का नेतृत्व करेंगे।

अंत में उन्होंने आह्वान किया, “आइए, हम सभी पूरे उत्साह, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ भगवान चित्रगुप्त जी का प्रकटोत्सव मनाकर इसे ऐतिहासिक और यादगार बनाएं।”

बैठक में संजीव श्रीवास्तव संजू संयोजक शोभा यात्रा समिति ने यात्रा का रूट बताया और अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होने का आग्रह किया. बैठक अजय श्रीवास्तव नीलू सुनील श्रीवास्तव उदय श्रीवास्तव पंकज कुलश्रेष्ठ बृजेश श्रीवास्तव संजय श्रीवास्तव अभय प्रधान (प्रवक्ता) वेद आशीष श्रीवास्तव शैलेन्द्र निगम चंद्रेश सक्सेना सुम्मी विश्वनाथ भटनागर अजय निगम सुनील श्रीवास्तव एडवोकेट बृजेश श्रीवास्तव डी के श्रीवास्तव एम के भटनागर महेंद्र श्रीवास्तव राजेंद्र श्रीवास्तव दिनेश चंद्र श्रीवास्तव मीना अरुण श्रीवास्तव सुधीर सक्सेना उषा सुधीर श्रीवास्तव ने अपने विचार रखे एवं शैलेश श्रीवास्तव साक्षी सक्सेना सुनील श्रीवास्तव एडवोकेट सौरभ कुलश्रेष्ठ आलोक श्रीवास्तव रूपाली श्रीवास्तव विवाह श्रीवास्तव राजेश नारायण श्रीवास्तव अनिल श्रीवास्तव पंकज सक्सेना राजीव सक्सेना चित्रांश दीप रूपाली खरे राशि सक्सेना प्रतिभा कुलश्रेष्ठ सहित भोपाल के सभी संगठनों के लोग उपस्थित हुए.

ad-image-sashakt-nari-sashakt-desh