15 से अधिक लैटिन अमेरिकी एवं कैरेबियाई देशों के राजनयिक प्रतिनिधि होंगे शामिल
इंदौर। मध्यप्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं निवेश संवर्धन प्रयासों को नई वैश्विक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से “भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन व्यापार एवं निवेश मंच 2026” का आयोजन 6 जून 2026 को इंदौर के रेडिसन होटल में किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच का आयोजन मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) एवं ग्लोबल इंडिया बिजनेस फोरम (GIBF) के सहयोग से किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रात: 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। मंच में लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन क्षेत्र के 15 से अधिक देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिक प्रतिनिधियों, उद्योग संगठनों, निवेशकों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों सहित 350 से अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
यह मंच भारत और लैटिन अमेरिका- कैरेबियन देशों के बीच व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग एवं दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। कार्यक्रम के माध्यम से मध्यप्रदेश को भारत के मध्य में स्थित एक उभरते हुए वैश्विक निवेश एवं निर्यात केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
विगत वर्षों में मध्य प्रदेश और लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य का इस क्षेत्र के देशों को निर्यात ₹3,835 करोड़ तक पहुंचा है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। राज्य के फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग, कृषि-आधारित उत्पाद, पैकेजिंग एवं विनिर्माण क्षेत्र के उत्पाद 33 से अधिक देशों तक पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न देशों के राजनयिक प्रतिनिधियों द्वारा निवेश अवसरों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा व्यापार, विनिर्माण, कृषि, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और सतत विकास जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं सरकारी संस्थाओं के मध्य B2B एवं B2G बैठकें भी आयोजित होंगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस मंच के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करना, निर्यात को बढ़ावा देना तथा मध्यप्रदेश को भारत और लैटिन अमेरिका- कैरेबियन क्षेत्र के बीच व्यापारिक सहयोग के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। यह आयोजन राज्य की वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ करेगा तथा निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
कार्यक्रम की मुख्य बातें
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में उद्घाटन सत्र से होगा, जिसमें दीप प्रज्ज्वलन, राजनयिक समुदाय का सम्मान, GRULAC (लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन देश समूह) के प्रमुख का विशेष संबोधन, एक विशेष भारत–LAC संस्करण का विमोचन, और मुख्यमंत्री का मुख्य संबोधन शामिल होगा। MPIDC द्वारा एक विशेष प्रस्तुति में मध्यप्रदेश को एक उभरते निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके पश्चात् आगंतुक प्रतिनिधिमंडलों द्वारा देश-वार निवेश प्रस्तुतियाँ एवं तीन पैनल चर्चाएँ होंगी: व्यापार एवं निवेश के अवसर; विनिर्माण क्षेत्र में व्यापार एवं निवेश (फार्मा, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल एवं खाद्य प्रसंस्करण); तथा सेवा क्षेत्र में व्यापार एवं निवेश (सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, फिनटेक एवं शिक्षा)। फोरम का समापन B2B एवं B2G बैठकों से होगा।

