India vs Australia T20: ऑस्ट्रेलिया की रोमांचक जीत, सीरीज में 1-0 की बढ़त - Samacharline.com

होम

India vs Australia T20: ऑस्ट्रेलिया की रोमांचक जीत, सीरीज में 1-0 की बढ़त

ब्रिस्बेन। ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को वर्षा बाधित पहले टी20 मैच में डकवर्थ लुईस पद्धति से भारत को 4 रनों से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने वर्षा से प्रभावित पारी में 17 ओवरों में 4 विकेट पर 158 रन बनाए थे, जिसके बाद भारत को 174 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया गया था। इसके जवाब में भारत 7 विकेट पर 169 रन ही बना पाया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन टी20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। दूसरा मैच शुक्रवार को खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ग्लेन मैक्सवेल ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। क्रिस लिन ने 37 और मार्कस स्टोइनिस नाबाद 33 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने जब 16.1 ओवरों में 3 विकेट पर 153 रन बनाए थे तभी अचानक वर्षा प्रारंभ हो गई और इसके चलते खेल रोकना पड़ा। इसके बाद मैच में ओवरों की संख्या घटाकर 17-17 ओवर कर दी गई। कंगारू टीम ने 4 विकेट पर 158 रन बनाए। कुलदीप ने 2 विकेट लिए।

इसके बाद भारत ने शिखर धवन की फिफ्टी से जमकर संघर्ष किया लेकिन वह जीत से दूर रह गया। रोहित शर्मा 7 रन, केएल राहुल 13 और विराट कोहली 4 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। धवन ने 42 गेंदों पर 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। धवन के आउट होने के बाद भारत पिछड़ता दिख रहा था लेकिन दिनेश कार्तिक (30) और रिषभ पंत (20) ने मैच को रोमांचक बना दिया।

दुनिया की दूसरे क्रम के भारत और तीसरे क्रम के ऑस्ट्रेलिया के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद रहेगी। मेहमान टीम स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की अनुपस्थिति का लाभ उठाने का प्रयास करेगी। वैसे भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में भारत का पलड़ा भारी रहा है। इनके बीच हुए 15 मैचों में से 10 मैचों में भारत ने जीत दर्ज की जबकि ऑस्ट्रेलिया 5 मैच ही जीत पाया हैं। यदि इनके बीच ऑस्ट्रेलिया में हुए मैचों की बात की जाए तो 6 मैचों में से भारत ने 4 मैच और ऑस्ट्रेलिया ने 2 मैच जीते हैं।

भारत ने 12 सदस्यीय टीम की घोषणा तो मंगलवार को ही कर दी थी, अब उसके द्वारा प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल में से किसी एक को शामिल करने का अनुमान है। पहले यह माना जा रहा था कि टीम केएल राहुल को बेंच पर बिठाकर कुलदीप और चहल को मैदान में उतारेगी, लेकिन कृणाल पांड्या की मौजूदगी के चलते अब एक ही कलाई के स्पिनर का उतारे जाने की संभावना है।

एरोन फिंच की ऑस्ट्रेलियाई टीम को हाल ही में द. अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था और टीम अब मजबूत भारत के खिलाफ वापसी के लिए पूरी ताकत लगाएगी।

टीमें (संभावित) – भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, केएल राहुल, रिषभ पंत, दिनेश कार्तिक, कृणाल पांड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और खलील अहमद।

ऑस्ट्रेलिया : एरोन फिंच (कप्तान), डार्सी शॉर्ट, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, बेन मैक्डरमोट, एलेक्स कैरी, नाथन कोल्टर नाइल, एंड्रयू टाई, जेसन बेहरेनड्रॉर्फ, बिली स्टेनलेक।

Page 5MP Achievement Digital AD_300X250