India vs Australia: पोंटिंग का दावा- विराट से ज्यादा रन बनाएगा यह क्रिकेटर - Samacharline.com

होम

India vs Australia: पोंटिंग का दावा- विराट से ज्यादा रन बनाएगा यह क्रिकेटर

सिडनी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज छह दिसंबर से एडिलेड में होगा। इस सीरीज के शुरू होने से पहले ही पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग ने कुछ भविष्यवाणियां की हैं। पोंटिंग ने कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम में एक खिलाड़ी है जो इस टेस्ट सीरीज में रन बनाने के मामले में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ सकता है। इसके अलावा पोंटिंग ने इस सीरीज के विजेता के बारे में भी बात की।

पोंटिंग ने कहा- मुझे लगता है कि टेस्ट सीरीज में दोनों टीमों में से सबसे ज्यादा रन हमारे उस्मान ख्वाजा बनाएंगे और वो ही मैन ऑफ द सीरीज भी बनेंगे। जहां तक कोहली की बात है तो उनका कोई जवाब नहीं लेकिन, अगर पिच पर घास रहती है तो टीम इंडिया के बल्लेबाज परेशान हो जाएंगे। उनके पास इसका कोई जवाब नहीं होगा।

पोंटिंग ने इस सीरीज के विजेता को लेकर बात करते हुए कहा, इसमें कोई संदेह नहीं कि इस सीरीज का विजेता ऑस्ट्रेलिया ही होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेजबान टीम इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम करेगी। वहीं सबसे बेहतर गेंदबाज की बात करते हुए पोंटिंग ने कहा कि इस सीरीज का सबसे बेहतर गेंदबाज भी एक ऑस्ट्रेलियाई ही होगा। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है जोश हेजलवुड इस सीरीज में सबसे शानदार प्रदर्शन करेंगे और वो ही इस सीरीज के सबसे उम्दा गेंदबाज भी रहेंगे।

पोंटिंग ने कहा- कोहली जब चार साल पहले ऑस्ट्रेलिया आए थे तो उन्होंने 86.50 के एवरेज से 692 रन बनाए थे। इस बार हालात अलग हैं। उस्मान ख्वाजा ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की है। स्मिथ और वॉर्नर की गैरमौजूदगी में वो और बेहतर खेल दिखाएंगे। कोहली के बारे में पूछे गए एक सवाल पर पोंटिंग ने कहा- इसमें कोई दो राय नहीं कि वो भी शानदार खेल दिखाएंगे। क्योंकि वो जहां भी जाते हैं वहां अपने खेल से लोगों का दिल जीत लेते हैं। पिछली बार जब वो यहां आए थे तो उन्होंने साबित भी कर दिया कि वो कैसे खिलाड़ी हैं। अगर एडिलेड और पर्थ में गेंदबाजों के लिए कुछ (विकेट पर हरी घास) हुआ तो कोहली को दिक्कत हो सकती है।

ख्वाजा की तरफदारी करते हुए पोंटिंग ने आगे कहा, वो इस वक्त अपने सबसे अच्छे दौर और फॉर्म में चल रहे हैं। मुझे लगता है कि इस सीरीज में वो सबसे ज्यादा रन बनाएंगे। इतना ही नहीं वो ही मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी अपने नाम करेंगे। ऑस्ट्रेलिया में ख्वाजा का रिकॉर्ड सबसे अच्छा है। भारत के तेज गेंदबाज बड़ा खतरा हैं लेकिन मुझे लगता है कि ख्वाजा के पास इन सब बातों का जवाब होगा। पाकिस्तान के खिलाफ सिलेक्टर्स ने उन्हें मौका दिया और ख्वाजा ने खुद को साबित किया।
Page 5MP Achievement Digital AD_300X250