बदरीनाथ-केदारनाथ में 10 साल में मुकेश अंबानी ने दान किए इतने करोड़ रुपये, जानकर होंगे हैरान - Samacharline.com
देशहोम

बदरीनाथ-केदारनाथ में 10 साल में मुकेश अंबानी ने दान किए इतने करोड़ रुपये, जानकर होंगे हैरान

देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने गुरुवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन किए। उन्होंने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को पांच करोड़ रुपये की धनराशि का चेक भेंट किया।

देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने गुरुवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन किए। उन्होंने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को पांच करोड़ रुपये की धनराशि का चेक भेंट किया। अंबानी समय-समय पर बीकेटीसी को धनराशि दान करते रहते हैं। बीते 10 सालों की बात की जाए तो अंबानी समिति को 15 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेंट कर चुके हैं।

बीते साल और इस साल अंबानी ने पांच-पांच करोड़ की राशि दान की है। मंदिर समिति का कहना है कि उन्हें सरकार से कोई ग्रांट नहीं मिलती है। अपने संसाधनों से यात्राकाल में सभी व्यवस्थाएं संचालित करनी होती हैं। समिति के अधीन 47 मंदिर, 24 गेस्ट हाउस, संस्कृत महाविद्यालय एवं विद्यालय हैं। करीब 700 कर्मचारियों के वेतन-भत्ते का खर्च है।

अंबानी परिवार का दिया दान मंदिर कोष में जमा किया जाता है, जिससे अनेक खर्चे वहन किए जाते हैं। बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि सभी गेस्ट हाउसों में न्यूनतम रेट पर कमरे उपलब्ध हैं। विद्यालयों में छात्रावास, भोजन और शिक्षा की निशुल्क व्यवस्था है।

रेलिंग, रैन सेल्टर, अलाव आदि की व्यवस्थाएं की जाती है। समिति की आय की तुलना में उतना ही व्यय भी होता है। समिति के सीईओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि बीते 10 सालों में मुकेश अंबानी द्वारा करीब 15 करोड़ की धनराशि बीकेटीसी को दान दी गई है।

हर संभव मदद का भरोसा
गुरुवार को मुकेश अंबानी के साथ उनके पुत्र अनंत अंबानी, अनंत की मंगेतर राधिका मर्चेंट भी साथ रहीं। बदरीनाथ में भगवान बदरी विशाल के दर्शन के बाद मुकेश अंबानी ने प्रधान पुजारी रावल महाराज ईश्वरी प्रसाद नम्बूदरी से उनके आवास पर भेंट की। अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि उद्योगपति मुकेश अंबानी ने मंदिर समिति के प्रस्तावित प्रोजेक्टों के लिए मदद का भरोसा दिया है।

Digital AD 250x300-4