मध्य प्रदेशहोम

विधायक ने अधिकारियों के साथ किया स्थल निरीक्षण; 1200 हेक्टेयर से ज्यादा भूमि की सिंचाई की संभावना, डाबर-सनाई रामपुर पठार पर बैराज और मुंडारी में स्टॉप डैम का प्रस्ताव भेजा जाएगा सरकार को

गंजबासौदा(ओमप्रकाश चौरसिया)। क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए डाबर-सनाई रामपुर पठार पर क्वेटन नदी पर बैराज डैम और खानवा नदी पर ग्राम मुंडारी में स्टॉप डैम निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। दोनों परियोजनाओं से 1200 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलने की संभावना है।

यह जानकारी विधायक हरि सिंह रघुवंशी ने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान दी। वे अधिकारियों के साथ ग्राम डाबर पहुंचे। क्वेटन नदी के घाट पर प्रस्तावित बैराज स्थल का निरीक्षण किया। इंजीनियरों, अधिकारियों, किसानों से चर्चा की। परियोजना की संभावनाओं, लाभों पर विचार-विमर्श किया। विधायक ने बताया कि क्वेटन नदी पर डाबर-सनाई रामपुर पठार पर बैराज डैम बनने से डाबर, सियारी, बरखेड़ा, बसरिया, मोरोदा, कालापाठा, डफरयाई समेत आसपास के गांवों की करीब 800 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। खानवा नदी पर ग्राम मुंडारी में स्टॉप डैम बनने से आसपास के गांवों की करीब 400 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

विधायक ने कहा कि दोनों परियोजनाओं से किसानों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी। क्षेत्र में भूजल स्तर बढ़ेगा। निजी कुएं, बोरवेल में पानी का स्तर सुधरेगा। ग्रामीण क्षेत्र को जल संकट से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को नई योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर सिंचाई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। विधायक ने कहा कि स्वीकृति के लिए वे मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलेंगे। सांसद व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मिलकर प्रयास करेंगे। काम जल्द शुरू कराने की बात कहीं।