राम जन्मोत्सव, पाटोत्सव और कथा ने रचा आध्यात्मिक माहौल, नौलखी तपोवन में शिवलोक निर्माण का संकल्प - Samacharline.com
देशमध्य प्रदेशहोम

राम जन्मोत्सव, पाटोत्सव और कथा ने रचा आध्यात्मिक माहौल, नौलखी तपोवन में शिवलोक निर्माण का संकल्प

गंजबासौदा (ओमप्रकाश चौरसिया)। बेतवा नदी तट स्थित नौलखी तपोवन आश्रम में आयोजित नव दिवसीय महाप्रभु जगन्नाथ एवं भगवान श्री सीताराम जी के द्वितीय पाठ महोत्सव और भक्तमाल कथा का समापन शनिवार को भव्य रूप से हुआ। शिवलोक निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। नौ दिनों तक चले इस महोत्सव में कथा, भजन, पूजन, श्रृंगार और भोग के विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भक्तमाल कथा में संतों और भक्तों के जीवन-चरित्रों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। इसने श्रद्धालुओं को गहराई से प्रभावित किया। वहीं, भगवान श्रीराम जन्मोत्सव की धूम ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया। रामनवमी के अवसर पर आश्रम में विराजित भगवान श्री सीताराम जी का दिव्य श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा।

श्रद्धालु दर्शन कर भाव विभोर होते नजर आए। इस अवसर पर यजमान नरेश गुप्ता ने प्रभु को छप्पन भोग अर्पित किया। महोत्सव के अंतिम चरण में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के पाटोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें यजमान मनीष पाठक ने 96 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया। महाप्रभु का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना रहा। श्रीमहंत राम मनोहर दास जी महाराज ने राम जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। संतों के सान्निध्य और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता ने इसे एकता का संदेश देने वाला महोत्सव बना दिया। इस अवसर पर विदिशा जिले के उद्योगपति राकेश मरखेडकर भी अपनी धर्मपत्नी सहित उपस्थित रहे। उन्होंने महंतश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर भक्तमाल कथा के व्यास डॉ. अभिषेक कृष्ण शास्त्री का शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

Page 6MP Achievement Digital AD_300X250