IPL Auction 2019: बमुश्किल नीलाम होने के बाद युवराज सिंह ने दिया ऐसा बयान - Samacharline.com

होम

IPL Auction 2019: बमुश्किल नीलाम होने के बाद युवराज सिंह ने दिया ऐसा बयान

मुंबई। हरफनमौला क्रिकेटर युवराज सिंह को आईपीएल के 12वें सत्र के लिए हुई नीलामी के पहले दौर में किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही इस बात का अंदेशा था। युवराज को दूसरे दौर में मुंबई इंडियंस ने उनके आधार मूल्य एक करोड़ में टीम में शामिल किया।

युवराज ने कहा- पहले दौर की नीलामी में नहीं खरीदे जाने के बाद मुझे किसी तरह की निराशा नहीं थी, क्योंकि मुझे पहले से ही लगा था कि मैं पहले दौर में नहीं लिया जाऊंगा। इसका कारण आसान-सा है। जब आप कोई आईपीएल टीम चुन रहे होते हैं तो युवाओं की तरफ देखते हैं। मैं करियर के ऐसे दौर में हूं, जहां यह सोच लिया जाता है कि यह करियर का आखिरी दौर है। मुझे उम्मीद थी कि अंतिम दौर में जरूर मुझे कोई टीम खरीदेगी।

37 वर्षीय युवराज ने कहा-सच कहूं तो मैं इस साल खेलने को लेकर मौके की तलाश में था और खुशी है कि मौका मिला। आकाश अंबानी ने मेरे बारे में अच्छा सोचा और अच्छा लगा कि उन्होंने भरोसा जताया। वहां जहीर खान, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर और रोहित शर्मा भी मिलेंगे, जिनके साथ मैंने काफी क्रिकेट खेली है। जब आपको समर्थन मिलता है तो आप बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं।

युवराज ने कहा- अभी रणजी ट्रॉफी मैच हैं और फिर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट में भी मुझे खेलना है, जिससे तैयारी में मदद मिलेगी। अभी रनों की भूख बाकी है और मैं अपने जुनून को लेकर खेल रहा हूं। फिलहाल तीन-चार महीने क्रिकेट में मेरे लिए काफी अहम् हैं। मैं उसी पर ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं।

Page 3MP Achievement Digital AD_300X250